अलीगढ़ 5 अप्रैल : आगामी दिनों में लोकसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान के दृष्टिगत अलीगढ़ व हाथरस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम एवं अनूप वाल्मीकि के समर्थन में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को क़स्बा गभाना में एक जनसभा को संबोधित किया | इस मौके पर उन्होंने मोदी की गारंटी और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।
गभाना में तहसील परिसर के सामने आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश ने मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताया है ओर ऐसा पहली बार होगा कि जनता बिना कयास लगाये ही परिणाम के बारे में पहले से आश्वस्त है | उन्होंने गभाना क्षेत्र की पृष्टभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ब्रजमंडल क्षेत्र में स्थित गभाना का देश के पहले स्वतंत्रता संग्राम से भी संबंध रहा है | अलीगढ़ की पौराणिकता एवं ऐतिहासिकता का जिक्र करते हुए उन्होंने इस भूमि को चक्रवर्ती राजाओं की भूमि बताया | यहां पर मंगल सिंह और मेहताब सिंह जैसे क्रांतिकारियों के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम की पहली लड़ाई लड़ी गई थी। उन्होंने विरोधी पार्टियों पर तंज करते हुए कहा कि विरोधियों को मोदी जी द्वारा कराए गए कार्यों के प्रति कृतज्ञ होना चाहिए। योगी आदित्यनाथ ने आगामी 26 अप्रैल एवं 7 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्यशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
वहीँ मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व आई तेज आंधी के कारण लगाया गया टेंट धराशायी हो गया | गौरतलब है कि खेत में मिट्टी में पाइप धस जाने के कारण टेंट गिर गया जिसमें कई लोग घायल हो गये | घायलों को तुरंत ही प्राथमिक चिकित्सा हेतु निकटवर्ती अस्पताल पहुँचाया गया | टेंट गिरने के बाद आयोजकों को व्यवस्था बनाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा |
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों में प्रमुख रूप से शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्षा विजय सिंह, मेयर प्रशांत सिंघल, एमएलसी ऋषिपाल सिंह, मानवेन्द्र सिंह, विधायक जयवीर सिंह, अनिल पाराशर, मुक्ता राजा, रविंद्र सिंह, राजकुमार सहयोगी, दर्जा प्राप्त मंत्री रघुराज सिंह, गभाना चेयरमैन अभिमन्यु राज सिंह, आरपी सिंह एवं वर्तमान सांसद सतीश गौतम व् राज्यमंत्री अनूप वाल्मीकि, लोकसभा संयोजक गोपाल सिंह, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह ‘लाला’, महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा, पूर्व विधायक दलवीर सिंह, युवा नेता विजय सिंह ‘पप्पू’ के अलावा सैकड़ो की संख्या में पदाधिकारी, जन प्रतिनिधि व् कार्यकर्ता मौजूद थे |








Total Users : 2689
Total views : 4153