मथुरा 20/04/2024: गृहमंत्री अमित शाह भाजपा प्रत्याशी एवं सांसद हेमा मालिनी के प्रचार के लिए आज वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने 26 अप्रैल को भारी मतदान कर मथुरा- वृन्दावन सीट से भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी को तीसरी बार सांसद बनाने तथा देश में 400 पार का लक्ष्य पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने सपा कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
इस मौके पर उन्होंने मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल का बखान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 10 साल के कार्यकाल में देश की जनता को वह करके दिखाया है जो कांग्रेस 70 साल में नहीं कर पाई। कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार बेरोजगारी और गरीबी के सिवाय कुछ नहीं दिया। आज हर गरीब को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है | 80 करोड़ जनता को राशन, पेंशन, स्वास्थ्य, चिकित्सा का लाभ मिल रहा है। वहीं कोरोना जैसी महामारी में सरकार जनता के साथ खड़ी रही और वैक्सीन उपलब्ध कराई, लेकिन कांग्रेस और सपा ने वैक्सीन पर भी राजनीति की।
अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्ट द्वारा सभी को आमंत्रण दिया गया था, लेकिन प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आमंत्रण को ठुकराकर विपक्ष ने भगवान राम का भी अपमान किया।
अमित शाह ने सांसद हेमा मालिनी द्वारा मथुरा लोकसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को भी गिनाया। आरएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि 15 साल पहले हेमा मालिनी जी ने मुझे जिताने के लिए प्रचार किया था और आज मैं उन्हें जिताने के लिए आपके पास आया हूं। उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं से आगामी 26 अप्रैल को कमल के निशान के सामने का बटन दबाने का आह्वान किया।
इससे पूर्व भाजपा प्रत्याशी हेमा मालिनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 400 पर के नारे को पूरा करने के लिए मथुरा से उन्हें जिताने का आह्वान किया। वहीं राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, लोकसभा प्रभारी श्याम भदौरिया, मेयर विनोद अग्रवाल,श्रीकांत शर्मा, पूरन प्रकाश, लक्ष्मीनारायण चौधरी समेत अन्य विधायकों ने अपने विचार व्यक्त किये । जनसभा में उमड़े जनसैलाब का जोश देखते ही बन रहा था।








Total Users : 2695
Total views : 4162